पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने जमकर हिंसा की। पुलिस की दो गाड़ियों, एक यात्री बस, कई बाइकों और अन्य वाहनों सहित करीब 10 वाहनों में आग लगा दी। सड़क किनारे खड़ी पांच से अधिक बाइकों को भी आग के हवाले कर दिया गया, जबकि कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
उग्र भीड़ ने ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को भी आग लगा दी। घटना की कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों के साथ मारपीट की गई। आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी लोगों ने आगे नहीं बढ़ने दिया, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही आसपास के पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने बाद में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, जिस बस में आग लगाई गई, उसमें घटना के समय यात्री मौजूद थे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब युवक सड़क पार कर रहा था और एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दी और हादसे में शामिल वाहन के साथ पुलिस की एक गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

Post a Comment