इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में एक टाउनशिप में कार से जबरन प्रवेश करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कार चालक ने पहले चौकीदार को थप्पड़ मारा और बाद में कार से उसे तथा उसके रिश्तेदार को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल चौकीदार की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार घायल है।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 10 बजे एक टाउनशिप के मुख्य गेट के पास हुई। एक युवक अपने दोस्तों के साथ कार से टाउनशिप में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय ने उसे अंदर जाने से रोक दिया। उस समय धर्मेंद्र के साथ उसका रिश्तेदार गोविंद भी मौजूद था।
धर्मेंद्र के परिजनों का आरोप है कि प्रवेश को लेकर कहासुनी के दौरान युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद टाउनशिप के मालिक से फोन पर बात कराई गई। बताया गया कि मालिक ने युवक को कार लेकर वहां से चले जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह वहां से निकल गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद युवक कार लेकर दोबारा टाउनशिप के गेट पर पहुंचा और उसने धर्मेंद्र तथा गोविंद पर कार चढ़ा दी। इस घटना में गोविंद के पैर में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद आरोपी ने कार घुमाई और दूसरी बार धर्मेंद्र के ऊपर कार चढ़ाने के बाद मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में धर्मेंद्र को परिजन एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह करीब एक साल से टाउनशिप में चौकीदारी का काम कर रहा था और मूल रूप से देवास का निवासी था। उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और मां हैं।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही टाउनशिप के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

Post a Comment