इंदौर के मल्हारगंज क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रही एक युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। आरोपियों ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का कर्मचारी बताकर बैंक में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद अलग-अलग भुगतान के नाम पर युवती के खाते से 87 हजार रुपए से अधिक की रकम ट्रांसफर करा ली। ठगी का पता चलने पर युवती ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात खाता धारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मल्हारगंज निवासी सानिया गुप्ता डाटा एनालिसिस की इंटर्नशिप कर रही हैं। नौकरी की तलाश में उन्होंने भारतीय रोजगार संस्था डॉट कॉम पर सर्च करने के बाद बैंक में नौकरी के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरा था। 11 अगस्त की दोपहर उन्हें एक महिला का फोन आया। महिला ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था की कर्मचारी बताते हुए पोस्ट ऑफिस, रेलवे और बैंक में रिक्तियां होने की जानकारी दी।
महिला ने सानिया से पूछा कि उन्होंने किस विभाग के लिए आवेदन किया है। बैंक की नौकरी के लिए आवेदन करने की जानकारी मिलने पर महिला ने एक वरिष्ठ कर्मचारी का फोन आने की बात कही और उससे पूरी जानकारी साझा करने को कहा।
13 अगस्त को सानिया के पास दोबारा फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का वरिष्ठ कर्मचारी बताया। बातचीत के बाद 17 अगस्त को फिर फोन किया गया। आरोपी ने सानिया से कुछ जानकारी लेने के बाद कहा कि वह नौकरी मिलने की प्रक्रिया आसान कर सकता है।
इसके बाद आरोपियों ने सानिया के वॉट्सऐप नंबर पर कुछ QR कोड भेजे। अलग-अलग भुगतान के नाम पर उनसे 1 हजार, 100 रुपए और 17 हजार रुपए मांगे गए। आरोपियों ने दो बार मनी ट्रांसफर करने के लिए भी कहा। लगातार पैसों की मांग होने पर सानिया को संदेह हुआ। उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी, जिसके बाद आरोपियों ने बातचीत बंद कर दी।
सानिया ने आरोपियों के दिए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उनके बैंक खाते से 87 हजार रुपए से अधिक की राशि अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराई है। पुलिस अब उन बैंक खातों के धारकों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई।

Post a Comment