इंदौर में बुधवार शाम से देर रात तक हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और नालों में तेज बहाव की स्थिति बन गई। इस दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दो युवकों के बहने की घटनाएं सामने आईं। लसूड़िया क्षेत्र में बहा युवक गुरुवार सुबह मृत मिला, जबकि अहीरखेड़ी में लापता हुए युवक की तलाश लगातार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, लसूड़िया क्षेत्र का 34 वर्षीय गोलू बुधवार रात करीब 9 बजे अपने पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था। रास्ते में नाले के किनारे से गुजरते समय वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया। रात में उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

गुरुवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद गोलू का शव नाले से बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को एमवाय अस्पताल भेज दिया।

गोलू ईंट निर्माण फैक्ट्री में काम करता था। उसके पिता एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड हैं, जबकि उसका छोटा भाई नौकरी करता है। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। रातभर खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह उसका शव पुल के पास कचरे में फंसा मिला।

उधर, अहीरखेड़ी क्षेत्र में तेज बहाव में बहा युवक महेश अब भी लापता है। जानकारी के अनुसार, वह अपने दोस्त मनीष के साथ पुल की रपट पार कर रहा था। इसी दौरान दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए। मनीष किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन महेश लापता हो गया।

पुलिस और रेस्क्यू टीम ने बुधवार रात से ही आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। गुरुवार सुबह भी राहत एवं बचाव दल ने तलाश अभियान जारी रखा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महेश का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस और रेस्क्यू टीम का अभियान लगातार जारी है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post