पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार गहराता दिखाई दे रहा है। जून के आखिर में पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों के बाद अब अफगानिस्तान की सत्ता संभाल रहे तालिबान प्रशासन ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसकी वायु सेना ने पाकिस्तान के भीतर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्रों में मौजूद इस्लामिक स्टेट खुरासान (आईएसकेपी) के कथित ठिकानों पर हवाई हमले और ड्रोन स्ट्राइक की हैं।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनका इस्तेमाल अफगानिस्तान के भीतर आतंकी गतिविधियों और नागरिकों पर हमलों की साजिश के लिए किया जा रहा था। मंत्रालय ने दावा किया कि कार्रवाई सटीक तरीके से की गई, जिसमें आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचा और किसी भी आम नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी अफगानिस्तान की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले ठिकानों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर हवाई हमले किए थे। संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन की रिपोर्ट के अनुसार, उन हमलों में कम से कम 28 अफगान नागरिकों की मौत हुई थी और 49 लोग घायल हुए थे। वहीं, अफगान सरकार के प्रवक्ता के अनुसार मृतकों की संख्या 38 और घायलों की संख्या 163 थी, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे।

दूसरी ओर, पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने दावा किया था कि उनके हवाई और जमीनी अभियानों में 29 आतंकवादी मारे गए थे। दोनों देशों के दावों के बीच सीमा क्षेत्र में हालात को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post