गाजियाबाद लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई पर भी फायरिंग की गई, लेकिन गोली छूते हुए निकल जाने से उसकी जान बच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसके पिता और उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लोनी क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय विपिन दिल्ली की एक पेंट ब्रश बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। रविवार रात परिवार में भतीजी का नामकरण समारोह आयोजित था। देर रात करीब 11:40 बजे वह समारोह में आए रिश्तेदारों को छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका पड़ोसी सोनू खड़ा मिला। रास्ता खाली कराने के लिए विपिन ने बाइक का हॉर्न बजाया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि बाइक पास पहुंचते ही सोनू ने विपिन को रोक लिया, थप्पड़ मारकर नीचे गिरा दिया और संभलने का मौका दिए बिना पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली लगने से विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर उसका भाई पवन मौके पर पहुंचा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उस पर भी गोली चला दी। हालांकि गोली उसे छूते हुए निकल गई, जिससे वह सुरक्षित बच गया।

घायल विपिन को परिजन तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार ने बताया कि मुख्य आरोपी, उसके पिता और पत्नी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की जांच के तहत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और क्षेत्र में अक्सर लोगों से विवाद करता था। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post