अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने एक बार फिर संभावित सैन्य टकराव की आशंकाओं को तेज कर दिया है। अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हालिया हमलों के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ऐसे माहौल में ईरान का स्वदेशी लड़ाकू ड्रोन अबाबील-5 विशेष रूप से चर्चा में है। इसे समुद्र में मौजूद युद्धपोतों और सैन्य ठिकानों पर सटीक हमला करने में सक्षम माना जाता है। यह ड्रोन करीब 6 किलोमीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए लक्ष्य पर हमला कर सकता है।

अबाबील-5 को पहली बार अप्रैल 2022 में ईरान के आर्मी डे परेड के दौरान सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया था। यह ईरान की प्रसिद्ध अबाबील ड्रोन श्रृंखला का सबसे आधुनिक संस्करण माना जाता है। जहां इस श्रृंखला के पुराने मॉडल मुख्य रूप से निगरानी और सीमित दूरी के मिशनों के लिए उपयोग किए जाते थे, वहीं अबाबील-5 को एक पूर्ण लड़ाकू ड्रोन के रूप में विकसित किया गया है। इसका विकास ईरान के मोहाजेर-6 ड्रोन से मिले अनुभव और तकनीकी प्लेटफॉर्म के आधार पर किया गया है।

इस ड्रोन में 115 हॉर्सपावर का रोटेक्स-914 इंजन लगाया गया है, जिससे यह अधिक वजन उठाने और लंबी दूरी तक उड़ान भरने में सक्षम है। इसकी आधिकारिक ऑपरेशनल रेंज लगभग 480 किलोमीटर बताई जाती है, जबकि रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इसका फेरी रेंज इससे अधिक हो सकता है। यह लगातार 8 से 10 घंटे तक हवा में रहकर निगरानी या हमला कर सकता है।

अबाबील-5 लगभग 20,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है, जिससे यह सामान्य ग्राउंड-बेस्ड एंटी-एयरक्राफ्ट गनों की पहुंच से बाहर रहता है। इसका अधिकतम टेक-ऑफ वजन करीब 500 किलोग्राम है और यह लगभग 150 किलोग्राम तक हथियार तथा निगरानी उपकरण ले जाने की क्षमता रखता है।

ड्रोन के निचले हिस्से में इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड कैमरे लगाए गए हैं, जो दिन और रात दोनों समय लक्ष्य की पहचान और निगरानी कर सकते हैं। हथियारों की बात करें तो अबाबील-5 अपने पंखों के नीचे अल्मास श्रृंखला की चार एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइलें ले जा सकता है, जो "शूट एंड फॉरगेट" तकनीक पर आधारित हैं। इसके अलावा, यह कायम श्रेणी के छह स्मार्ट गाइडेड बम भी ले जाने में सक्षम है। अल्मास मिसाइल और कायम बमों के समुद्री संस्करणों की मदद से यह ड्रोन तटीय इलाकों में दुश्मन के लक्ष्यों पर भी हमला कर सकता है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post