इंदौर में ओटीटी सब्सक्रिप्शन बंद कराने के बहाने एक दवा कारोबारी और उनकी पत्नी से 1.08 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इंटरनेट पर मिले एक कथित कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया था, जिसके बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खातों से रकम निकाल ली। शिकायत मिलने पर जूनी इंदौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने अपने ओटीटी सब्सक्रिप्शन को बंद कराने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजा था। कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर सपोर्ट प्रतिनिधि बताया और प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया।
आरोपी ने सब्सक्रिप्शन बंद करने के लिए पहले 5 रुपये ट्रांसफर करने को कहा। पीड़ित ने गूगल पे के माध्यम से राशि भेज दी। इसके कुछ ही समय बाद उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया। मोबाइल दोबारा चालू करने पर बैंक खाते से लगातार पैसे कटने के संदेश मिलने लगे।
ठगों ने पहले बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 8 हजार रुपये और फिर 50 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद पीड़ित की पत्नी के खाते से 20 हजार और 30 हजार रुपये के दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। इस तरह दंपती के खातों से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।
घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक से संपर्क कर दोनों खाते फ्रीज कराए और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में उन्हें जूनी इंदौर थाने भेजा गया, जहां पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। फिलहाल पुलिस संबंधित बैंक खातों, ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment