इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान एक भाई ने दूसरे भाई के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान संदीप (पिता अनिल) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सुबह किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक भाई ने संदीप के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल संदीप को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि परिवार में तीन भाई हैं और सभी मजदूरी का काम करते हैं। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि तीनों भाइयों को शराब पीने की लत थी। उनकी मां भी उनके साथ ही रहती हैं।
घटना के बाद पुलिस ने संदीप को अस्पताल पहुंचाने वाले भाई और हत्या के आरोपी अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment