संपादकीय

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।  इस मामले ने सिर्फ एक युवक की जान नहीं ली, बल्कि एक पूरे परिवार की खुशियां, सपने और भविष्य भी छीन लिया। इसी तरह की घटना महाराष्ट्र के पुणे की भी सामने आई, जहां पर्यटन स्थल लोहगढ़ किले पर 26 साल के कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की प्रेमी और प्रेमिका ने मिलकर जघन्य हत्या कर दी। जिस घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहां मातम पसर गया। इस घटना के बाद देश के कई हिस्सों से ऐसे मामले सामने आने लगे हैं, जिनमें प्रेम संबंध किसी और से होते हैं, लेकिन परिवार द्वारा तय किए गए रिश्ते को खुलकर अस्वीकार करने के बजाय कुछ युवक-युवतियां अपराध का रास्ता चुन लेते हैं।
समाज के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किसी व्यक्ति को यह अधिकार किसने दिया कि वह अपने प्रेम संबंध को बचाने या अपनी मर्जी मनवाने के लिए किसी निर्दोष इंसान की जान ले ले? यदि किसी लड़की या लड़के को तय किया गया रिश्ता स्वीकार नहीं है तो उसे स्पष्ट रूप से अपने माता-पिता से कहना चाहिए। शादी जीवनभर का निर्णय है, कोई मजबूरी नहीं।
इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड और विशाल अग्रवाल के मामले में  जिस  तरह प्रेम संबंधों और साजिश के आरोपों ने पूरे देश का ध्यान खींचा, उसने युवाओं और अभिभावकों दोनों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इन घटनाओं ने एक बार फिर यह प्रश्न खड़ा किया है कि क्या युवा भावनात्मक असहमति या पारिवारिक दबाव का समाधान संवाद की बजाय हिंसा में खोजने लगे हैं? पिछले कुछ वर्षों में देश के अलग-अलग राज्यों से ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें प्रेम संबंधों, विवाह विवादों या त्रिकोणीय रिश्तों के कारण हत्या जैसी जघन्य घटनाएं हुईं। अधिकांश मामलों में परिणाम एक जैसा रहा। एक परिवार अपने बेटे या बेटी को हमेशा के लिए खो बैठा, जबकि आरोपी युवक-युवती जेल पहुंच गए। उनके माता-पिता को समाज में अपमान, कानूनी लड़ाई और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन मामलों में शामिल कई आरोपी पढ़े-लिखे और आधुनिक जीवनशैली वाले परिवारों से आते हैं। इससे यह भ्रम टूटता है कि केवल अशिक्षा ही अपराध का कारण होती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि सही-गलत का विवेक विकसित करना भी है। यदि उच्च शिक्षा प्राप्त युवा भी अपने व्यक्तिगत संबंधों की समस्याओं का समाधान हत्या में खोजने लगें, तो यह पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। आज माता-पिता अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और करियर के लिए बड़े शहरों में भेजते हैं। वे अपने सपनों, मेहनत और बचत को बच्चों के भविष्य पर लगाते हैं। लेकिन जब कहीं प्रेम प्रसंग, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग या हत्या जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो स्वाभाविक रूप से अभिभावकों के मन में डर पैदा होता है। वे सोचने लगते हैं कि आखिर बच्चों को किस वातावरण में भेजा जा रहा है और वे किन लोगों की संगत में रह रहे हैं। इस पूरे मामले में माता-पिता की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। कई परिवारों में बच्चों, विशेषकर बेटियों की राय को विवाह के मामलों में गंभीरता से नहीं लिया जाता। यदि कोई लड़की या लड़का किसी और से विवाह करना चाहता है तो उसे अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। माता-पिता को भी बच्चों की बात धैर्यपूर्वक सुननी चाहिए। असहमति हो सकती है, लेकिन उसका समाधान बातचीत से निकाला जा सकता है।  साथ ही युवाओं की भी जिम्मेदारी कम नहीं है। यदि परिवार उनकी पसंद स्वीकार नहीं कर रहा है तो कानूनी और सामाजिक रास्ते खुले हैं। भारत का कानून बालिग युवक-युवती को अपनी पसंद से विवाह करने का अधिकार देता है। ऐसे में किसी निर्दोष व्यक्ति को धोखे में रखकर रिश्ता करना और फिर उसकी हत्या की साजिश रचना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। जवाबदेही अपील करता है कि रिश्तों में ईमानदारी और स्पष्टता सबसे जरूरी है। यदि शुरुआत से ही सच बोल दिया जाए तो कई मुसीबतों को रोका और टाला जा सकता है। राजा रघुवंशी और विशाल अग्रवाल जैसे मामलों ने पूरे देश को यह संदेश दिया है कि एक गलत निर्णय न केवल एक जीवन समाप्त करता है, बल्कि कई परिवारों को वर्षों तक पीड़ा में धकेल देता है। किसी के बेटे, भाई, मंगेतर या पति की जान लेकर कोई भी अपना भविष्य सुरक्षित नहीं कर सकता। अंत में परिणाम केवल जेल की सलाखें, अदालतों के चक्कर, बदनामी और पश्चाताप ही होता है। समाज, परिवार और युवाओं को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रेम संबंधों, विवाह या व्यक्तिगत मतभेदों का समाधान संवाद और कानून के दायरे में हो, न कि हिंसा और हत्या के रास्ते पर। क्योंकि किसी के परिवार को तबाह करने का हक किसी को नहीं है।




Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post