इंदौर के खजराना इलाके में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। आरोप है कि ठगों ने पहले ऑनलाइन ऑर्डर का रिफंड दिलाने का झांसा दिया और बाद में आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे वसूल लिए। इसके बाद उसके बैंक खाते से करीब 2.99 लाख रुपए भी निकाल लिए गए।
पुलिस के अनुसार, छात्रा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा की बहन ने 11 मई को इंस्टाग्राम पर मौजूद एक ऑनलाइन पेज से पानी की दो बोतलें मंगाई थीं और भुगतान भी ऑनलाइन कर दिया था।
कुछ समय बाद एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि ऑर्डर रद्द हो गया है। उसने रिफंड देने के नाम पर एक लिंक भेजी और कहा कि रकम वापस पाने के लिए उस प्रक्रिया को पूरा करना जरूरी है।
इसके बाद 20 मई को छात्रा के पास एक और कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके पास छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें हैं और यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह उन्हें सोशल मीडिया पर साझा कर देगा। घबराकर छात्रा ने बताए गए यूपीआई खाते में 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
9 जून को जब छात्रा कॉलेज फीस जमा करने पहुंची तो उसे पता चला कि उसके बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं है। बैंक से जानकारी लेने पर सामने आया कि खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 2 लाख 99 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं।
घटना के बाद छात्रा ने साइबर क्राइम शाखा और खजराना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment