दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय बाल तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच नवजात बच्चों को भी सुरक्षित छुड़ाया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी विभिन्न राज्यों में नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त तथा तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं।
जांच एजेंसियां अब गिरोह के काम करने के तरीके, इसके विभिन्न राज्यों में फैले संपर्कों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की विस्तार से जांच कर रही हैं। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित होने वाली प्रेस वार्ता में साझा की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस गिरोह से जुड़ी एक महिला, जो एक नर्सिंग होम का संचालन करती है और स्वयं को डॉक्टर बताती है, जांच के दायरे में है। पुलिस उसकी शैक्षणिक योग्यता और पेशेवर दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गिरोह अलग-अलग राज्यों से नवजात बच्चों को लाकर उनके जन्म प्रमाणपत्रों में कथित रूप से हेरफेर करता था। इसके बाद इच्छुक दंपतियों या अभिभावकों को लाखों रुपये लेकर बच्चों को बेचे जाने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment