इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में एक कैब चालक पर हुए हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस रात एमआईजी इलाके के एक कैफे में एक युवती पर चाकू से हमला हुआ था, उसी रात बाद में अरविंदो क्षेत्र के पास भी चाकूबाजी की एक अन्य घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात एक कैफे में आरूही नाम की युवती पर वैष्णवी, नेहा और अच्छू नाम की युवतियों ने कथित रूप से चाकू से हमला किया था। घटना के बाद तीनों वहां से चली गईं। इसके बाद अच्छू अपने कुछ साथियों के पास पहुंची।
बताया गया है कि रात करीब 3:30 बजे आरोपियों ने अरुण और उसके साथी नीरज को रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने दोनों से उन्हें एमआर-10 क्षेत्र तक छोड़ने के लिए कहा। मना करने पर आरोपियों ने अरुण पर ब्लेड और चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। नीरज के साथ भी मारपीट की गई। हमले के बाद आरोपियों ने कार के कांच तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक शिकायत लेकर थाने पहुंचा था, लेकिन थाना प्रभारी के मौजूद नहीं होने पर पुलिस ने उसका आवेदन लेकर पहले उपचार कराने की सलाह दी। मंगलवार को युवक दोबारा थाने पहुंचा और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपे। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
उधर, एमआईजी क्षेत्र में रविवार दोपहर दोनों पक्षों से जुड़े युवकों के बीच एक कैफे के बाहर भी चाकूबाजी की घटना हुई थी। इस मामले में दो युवकों ने एक-दूसरे पर हमला किया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment