मधुमिलन-छावनी मार्ग पर वर्षों से ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब इसके समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम ने इस मार्ग को 60 फीट चौड़ा करने का निर्णय लिया है और इसके लिए दो-तीन दिनों में 100 से अधिक अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है।
मेयर पुष्यमित्र स्वयं इस मार्ग पर अतिक्रमण हटाने से पहले रहवासियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने रहवासियों से आग्रह किया कि वे अगले दो से तीन दिनों के भीतर अपने-अपने अतिक्रमण स्वेच्छा से हटा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी। कुछ रहवासी स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए तैयार हो चुके हैं।
मेयर ने बताया कि मधुमिलन चौराहे से छावनी तक का यह मार्ग शहर के ट्रैफिक के लिए महत्वपूर्ण है और इसका निर्माण निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। मास्टर प्लान के तहत इस सड़क को प्रथम चरण में 60 फीट तक चौड़ा किया जाएगा। इसके बाद यातायात की स्थिति के अनुसार आगे की योजना बनाई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि 60 फीट चौड़ाई को लेकर क्षेत्र के अधिकांश रहवासी सहमत हैं, जिससे कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि लगभग छह वर्ष पहले तत्कालीन कलेक्टर आकाश ने भी इस सड़क को चौड़ा करने की योजना बनाई थी। उस समय एक व्यावसायिक निर्माण को हटाया गया था, लेकिन बाद में उनका तबादला हो जाने से योजना अधूरी रह गई थी।

Post a Comment