अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड टी. ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि ईरान के प्रतिनिधियों का जवाब स्वीकार नहीं किया जा सकता। इससे पहले भी उन्होंने ईरान पर बातचीत में देरी और दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाया था।
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेहरान ने रविवार को पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को नया प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव में युद्ध समाप्त करने, फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रतिबंधों में राहत और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की बात कही गई थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका ने इस सप्ताह ईरान को 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा था। इसमें ईरान से कम से कम 12 साल तक यूरेनियम संवर्धन रोकने और अपने पास मौजूद करीब 440 किलो 60 फीसदी एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका को सौंपने की मांग की गई थी। बदले में अमेरिका प्रतिबंधों में ढील, फ्रीज की गई संपत्तियों को जारी करने और ईरानी बंदरगाहों पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने पर विचार कर सकता है।
हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और हाईली एनरिच्ड यूरेनियम पर पूरी तरह समझौता करने के पक्ष में नहीं है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका जवाब सकारात्मक और व्यावहारिक है और अब अगला फैसला अमेरिका को लेना है। दोनों देशों ने 8 अप्रैल से लागू संघर्षविराम खत्म होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

Post a Comment