गर्मी बढ़ने के साथ इंदौर में पानी का संकट गहराने लगा है। मंगलवार को विकास नगर इलाके में पानी की समस्या से परेशान रहवासियों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने खाली मटके फोड़े और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
विकास नगर स्थित पानी की टंकी के पास स्थानीय पार्षद के साथ रहवासी सड़क पर बैठ गए। सभी ने हाथों में खाली मटके लेकर प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। स्थानीय प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई महीनों से शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि इंटरकनेक्शन के जरिए पानी दूसरी कॉलोनियों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे कई इलाकों में पानी का प्रेशर कम हो गया है। साथ ही दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। स्थिति को देखते हुए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

Post a Comment