इंदौर में एक बार फिर धार्मिक स्थल को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने जैन मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी कर लीं। घटना सुपर कॉरिडोर क्षेत्र की है, जहां सुबह मंदिर खुलते ही चोरी का खुलासा हुआ।

इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित ग्रेटर बाबा जैन मंदिर में सोमवार तड़के चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाश मंदिर में घुसकर भगवान की चांदी की मूर्तियां और अन्य सामान चुरा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत दस लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

चोरों ने 5 चांदी की मूर्तियां, एक मिश्र धातु की मूर्ति, एक शिला, 2 शांतिधारा और 28 कलश चोरी कर लिए। पुलिस के मुताबिक चोर रात 2:18 बजे मंदिर में घुसे और करीब 42 मिनट तक अंदर रहने के बाद 3 बजे वहां से भाग गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने इसके पहले मंदिर की रेकी भी की थी।

मंदिर में चौकीदारी और सफाई का काम करने वाले कर्मचारी को घटना की भनक तक नहीं लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार सुबह अंजू नाम की महिला दर्शन करने आई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों और जैन समाज के सदस्यों को सूचना दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। मंदिर वर्ष 1998 में लगभग 10 हजार वर्गफुट क्षेत्र में बना है।

मंदिर से जुड़े श्रद्धालु अशोक ने बताया कि मंदिर के शटर और दरवाजों को तोड़कर चांदी की पांच और अष्टधातु की दो प्रतिमाएं सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया।

चोरी से पहले रेकी होने की भी जानकारी सामने आई है। कुछ दिन पहले भी अन्य जैन मंदिरों में इसी तरह की चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। मंदिर में चोरी करते दिख रहे चोरों का हुलिया भी उन घटनाओं से मिलता-जुलता बताया जा रहा है।

मंदिर की चौकीदारी करने वाले राकेश ने बताया कि रोजाना की तरह रात 10:30 बजे मंदिर के पट बंद किए थे। सुबह 5 बजे खोला तो चोरी की जानकारी मिली।

एरोड्रम थाना पुलिस के मुताबिक, सुबह जब मंदिर के पट खोले गए तो गर्भगृह से मूर्तियां गायब मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश रात करीब 3 बजे बाइक से मंदिर पहुंचे थे।

इनमें से एक आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एरोड्रम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post