इंदौर में स्वच्छता व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सोमवार को फील्ड पर पहुंचे। उन्होंने जीटीएस परिसर और सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई, ट्रैफिक मूवमेंट और समग्र प्रबंधन की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने होटल राजशाही और जंजीरवाला क्षेत्र स्थित जीटीएस कैंपस में सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण और वाहनों की आवाजाही का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वच्छता बनाए रखने और कचरा प्रबंधन की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद निगम कमिश्नर सरवटे बस स्टैंड पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। यहां लगे प्याऊ पर पानी की गुणवत्ता की जांच की और निर्देश दिए कि यात्रियों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

बस स्टैंड परिसर में स्थित पब्लिक टॉयलेट की सफाई खराब मिलने पर उन्होंने संबंधित एजेंसी पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लॉक रूम की व्यवस्था भी देखी गई। यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एजेंसी ‘एम पावर’ को फटकार लगाई गई और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को शहर की सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर आयुक्त अर्थ जैन, जोनल अधिकारी गीतेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post