इंदौर के चोइथराम मंडी क्षेत्र में बुधवार देर रात चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। मंडी में काम करने वाले चार कर्मचारियों पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में सभी घायल हुए हैं, जबकि दो कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार घायल कर्मचारियों में अरुण, सुनील, रंजीत और सूरज शामिल हैं। सभी मंडी की एक दुकान पर काम करते हैं। बताया जा रहा है कि रात में काम खत्म करने के बाद कर्मचारी घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी गेट के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि बदमाश शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहे थे। कर्मचारियों द्वारा पैसे देने से मना करने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारियों को भी निशाना बनाया गया।

घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि आरोपी मंडी क्षेत्र में पहले भी विवाद और अवैध गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

इसी इलाके में बुधवार देर रात शराब दुकान के बाहर भी विवाद की स्थिति बन गई। अवैध गुमटी हटाने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पथराव और मारपीट की घटना सामने आई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर टूटी हुई कांच की बोतलें मिलीं, लेकिन किसी बड़े गैंगवार या फायरिंग जैसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

शराब दुकान संचालक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कार से आए थे और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अवैध अहाते और गुमटी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post