इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में बेलमोर्ट पार्क के ऑफिस में बुधवार सुबह आग लगने की घटना हो गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ऑफिस में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
फायर ब्रिगेड के एएसआई सुशील कुमार दुबे ने बताया कि आग बेलमोर्ट पार्क के मेंटेनेंस ऑफिस में लगी थी, जहां टाउनशिप बिल्डर का भी कार्यालय है। सुबह करीब 5 बजे गार्ड ने धुआं निकलते देखा था। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग पर नियंत्रण किया। आग में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
इधर, खंडवा रोड स्थित अनुराधा नगर में भी अलसुबह एक सब्जी की दुकान में आग लग गई। इस घटना में दुकान का पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
फायर ब्रिगेड के अनुसार बबली पति प्रीतम कौर की दुकान में यह आग लगी थी। मौके पर करीब 1000 लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
महिदपुर फर्नीचर बिल्डिंग के सातवें माले में भी आग
इंदौर के रेडिसन चौराहे के पास महिदपुरवाला फर्नीचर की बिल्डिंग के सातवें माले पर भी बुधवार करीब 10:30 बजे आग लग गई। घटना के करीब 15 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बताया जाता है कि आग टावर के पिछले हिस्से में लगी थी।
दमकलकर्मियों ने बिल्डिंग में मौजूद कर्मचारियों की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया। हालांकि आग के कारण पूरे भवन में काफी धुआं फैल गया था। दमकल कर्मियों के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। सूचना मिलने पर विजयनगर और खजराना थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

Post a Comment