इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बायपास पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक को किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी थी।
गंभीर हालत में राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अशोक निवासी मूसाखेड़ी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से खंडवा जिले का रहने वाला था और इंदौर में ड्राइवरी का काम करता था।
बताया जा रहा है कि देर रात वह बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान फीनिक्स सिटी के सामने तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल हालत में पड़े युवक को देखा और एंबुलेंस की मदद से एमवाय अस्पताल पहुंचाया। देर रात युवक के पास मिले मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने परिवार से संपर्क किया। कनाड़िया पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

Post a Comment