इंदौर में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने रविवार रात रीजनल पार्क क्षेत्र में गुप्त स्टिंग ऑपरेशन चलाकर दो मनचलों को रंगे हाथों पकड़ लिया। “ऑपरेशन सिक्रेट मिडनाइट” और “ऑपरेशन मजनू” के तहत की गई इस कार्रवाई में महिला पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में मैदान में उतारा गया था।

पुलिस के मुताबिक रीजनल पार्क इलाके से लगातार महिलाओं के साथ छेड़छाड़, सीटी बजाने और फब्तियां कसने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार और एडिशनल डीसीपी मयंक के निर्देश पर महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

इसके बाद अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों और सिविल ड्रेस में पुलिस जवानों को शामिल किया गया। रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दो महिला आरक्षकों को आम युवतियों की तरह सादे कपड़ों में रीजनल पार्क क्षेत्र में भेजा गया। उनके पीछे पुलिस की बैकअप टीम भी तैनात रही।

जैसे ही महिला आरक्षक पार्क क्षेत्र में पहुंचीं, वहां मौजूद दो युवकों ने सीटी बजाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने “हेलो मैडम, आपका नंबर मिलेगा क्या?” जैसे कमेंट भी किए। इसी दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें रोक लिया और पीछे से मौजूद पुलिस टीम ने दोनों युवकों को घेरकर पकड़ लिया।

पूरी कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की गई थी कि आरोपियों को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि जिन युवतियों पर वे फब्तियां कस रहे हैं, वे महिला पुलिसकर्मी हैं। महज 45 मिनट के भीतर दोनों आरोपी पुलिस के जाल में फंस गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए दोनों युवकों की उम्र करीब 18 वर्ष है। फिलहाल उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से अभद्रता और छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में महिलाओं की सुरक्षा और विश्वास दोनों को मजबूत किया जा सके।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post