भोपाल और इंदौर के मेट्रो स्टेशनों पर अब ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (AFC) सिस्टम शुरू किया जा रहा है। 27 अप्रैल से यात्रियों को मैन्युअल प्रक्रिया के बजाय ऑनलाइन माध्यम से टिकट उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही टिकट और वॉलेट रिचार्ज पर छूट भी दी जाएगी।
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) इस नई व्यवस्था की शुरुआत कर रहा है। भोपाल और इंदौर में लागू किए जा रहे इस सिस्टम के जरिए मेट्रो यात्रियों को सुविधाजनक और तेज टिकटिंग का लाभ मिलेगा।
टिकट पर मिलने वाली छूट
राउंड ट्रिप (आवागमन) टिकट पर कुल किराए में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जिससे एक ही दिन में आने-जाने वाले यात्रियों को लाभ होगा। समूह में यात्रा करने वालों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। समूह टिकट पर कुल किराए में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह सुविधा न्यूनतम 8 और अधिकतम 40 यात्रियों के समूह के लिए उपलब्ध होगी।
मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप “MP Metro” के माध्यम से यात्री क्यूआर टिकट बुक कर सकेंगे। इस ऐप के वॉलेट रिचार्ज पर भी विशेष रियायत दी जाएगी, जिससे डिजिटल माध्यम अपनाने वाले यात्रियों का समय बचेगा।
रिचार्ज स्लैब पर छूट
200 से 499 रुपए तक रिचार्ज पर 8 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
500 से 999 रुपए तक 10 प्रतिशत छूट मिलेगी।
1000 से 1499 रुपए तक 12 प्रतिशत छूट दी जाएगी।
1500 से 2000 रुपए तक रिचार्ज पर 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
टिकटिंग के प्रकार: पेपर क्यूआर और मोबाइल क्यूआर
यात्रियों की सुविधा के लिए टिकटिंग के कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। पेपर क्यूआर टिकट टिकट काउंटर या ग्राहक सेवा केंद्र से नकद या यूपीआई के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं।
मोबाइल क्यूआर टिकट “MP Metro” मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल भुगतान द्वारा खरीदे जा सकेंगे। यह ऐप एंड्रॉयड (Google Play Store) और iOS (Apple App Store) दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
MPMRCL वॉलेट में जमा राशि का उपयोग केवल मेट्रो टिकट खरीदने के लिए ही किया जा सकेगा और यह राशि किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी।

Post a Comment