इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार रात की है। आरोपियों ने युवक को ढाबे पर बुलाकर शराब पिलाई और फिर उस पर हमला कर दिया। शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम एमवाय अस्पताल में किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चिंताराम उम्र (26) पिता रणजीत सिंह, निवासी रविदास नगर क्षेत्र के रूप में हुई है। परिजन राजू ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह घर के बाहर सरकारी नल से पानी भर रहा था, तभी इलाके के कुलदीप, पंकज, मयूर और मोहित से उसका विवाद हो गया।
नल से पानी भरने को लेकर झगड़ा हुआ। आरोपियों का कहना था कि वे उसी नल से मोटर के जरिए पानी भरेंगे। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ी और झगड़ा हो गया। परिजनों के मुताबिक, चारों आरोपी पहले भी पानी को लेकर विवाद करते थे और इलाके में दबंगई दिखाते थे।
शुक्रवार सुबह हुए विवाद के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन जब चिंताराम घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया और मारपीट की। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उसके साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन उसने कभी शिकायत नहीं की।
शुक्रवार रात चिंताराम एक ढाबे पर पहुंचा, जहां चारों आरोपी भी आ गए। उन्होंने सुलह का बहाना बनाकर उसे अपने साथ बैठाया और शराब पिलाई। इसके बाद आरोपियों ने उसके सीने में दिल के पास चाकू से दो वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी मोहित की मां मौके पर पहुंची और घायल चिंताराम को देवास नाका क्षेत्र के एक अस्पताल के बाहर छोड़कर चली गई। बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी धमकी देते थे और अब उनके मकान तोड़ने की मांग की जा रही है।

Post a Comment