ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र में दुश्मनी का बदला लेने के लिए दो बदमाशों ने एक किसान के खेत में खड़ी फसल में आग लगा दी। घटना गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात पारसेन गांव की है, जहां कुछ ही देर में आग फैलने से 3 बीघा खेत की चने की पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई।

जानकारी के अनुसार पारसेन निवासी सूरजभान गुरुवार रात घर के पास स्थित एक गुमटी पर बीड़ी लेने गए थे। वहां पहले से मौजूद रघुराज और उसके भाई मोहन गु. से उनका विवाद हो गया।

बात पहले कहासुनी से शुरू हुई और फिर मारपीट तक पहुंच गई। गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन जाते-जाते दोनों आरोपियों ने किसान को देख लेने की धमकी दी थी।

विवाद के बाद सूरजभान घर लौट आए, लेकिन देर रात रघुराज और मोहन उनके खेत पर पहुंचे और वहां रखी चने की फसल में आग लगा दी।

खेत के पास ही सो रहे सूरजभान ने आग की लपटें देखीं और मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों आरोपियों को भागते हुए देखा। शोर मचाने पर आसपास के किसान भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी फसल जल चुकी थी।

घटना के बाद किसान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बिजौली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग के मुताबिक, मामूली विवाद के बाद खेत में खड़ी फसल जलाने का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post