इंदौर पुलिस ने तिरुपति गार्डन क्षेत्र से अगवा किए गए दोनों बच्चों को गुरुवार देर रात करीब दो बजे सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में एक दंपती, एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। युवक और युवती आपस में भाई-बहन बताए गए हैं।

नैतिक स. (9) और सम्राट (11) गुरुवार शाम करीब 7 बजे लापता हो गए थे। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक युवती बच्चों को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दी। बच्चों के दादा पूनमचंद ज. ने पुलिस को बताया था कि एक महिला ने वीडियो कॉल के जरिए 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी, जिसके बाद फोन बंद हो गया।

सूचना मिलते ही टीआई स. र. टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्चों की तलाश के लिए शहर के कई थाना क्षेत्रों की टीमों को लगाया गया। जिस नंबर से फोन आया था, उसे सर्विलांस पर लिया गया। लोकेशन ट्रेस कर बच्चों को एक मकान से सुरक्षित बरामद किया गया।

पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

विनीत (22 वर्ष) राधिका (18 वर्ष) ललित (21 वर्ष) तनीषा (21 वर्ष)

एसीपी तु. स. ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया। जिस नंबर से फिरौती मांगी गई थी, उसे सर्विलांस पर रखकर लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी आपस में वॉट्सएप पर संपर्क में थे और उसी माध्यम से फिरौती की मांग की गई थी। बच्चों को एक मकान में रखा गया था, जहां से उन्हें सुरक्षित बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बच्चों को किसी प्रकार का शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचाया। दोनों बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

परिजनों के अनुसार, बच्चे शाम के समय तिरुपति गार्डन में खेल रहे थे, तभी एक युवती उन्हें बहाने से अपने साथ ले गई। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post