इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच नए कमरे की पसंद को लेकर हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। बहस इतनी बढ़ गई कि पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय नितेश ने मंगलवार को जहर खा लिया। घटना के बाद पत्नी नंदनी और रिश्तेदार उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

जांच में सामने आया है कि नितेश एक निजी कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। पहले कंपनी की यूनिट द्वारकापुरी इलाके में थी, जिसे बाद में पीथमपुर शिफ्ट कर दिया गया। इसके चलते मकान बदलने की बात चल रही थी।

बताया गया है कि नितेश ने एक कमरा पसंद किया था, जबकि उसकी पत्नी नंदनी किसी दूसरी जगह का कमरा देखकर आई थी। इसी बात को लेकर मंगलवार को दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला इतना बढ़ गया कि नितेश ने यह कदम उठा लिया।

नितेश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसका पालन-पोषण रिश्तेदारों ने किया था। परिवार में पत्नी के अलावा करीब 2 साल की एक मासूम बेटी है। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में विवाद के चलते यह कदम उठाने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post