महू के किशनगंज थाना क्षेत्र स्थित शांति धाम कॉलोनी के पास सेना के एक बम में विस्फोट हो गया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत महू के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे की है।

शौच के लिए गए थे युवक, अचानक हुआ विस्फोट

घायल युवकों की पहचान कमलेश (पिता शिवनारायण) और सोनू (पिता भेरूलाल सोलंकी*) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सुबह शौच के लिए कॉलोनी के पीछे खुले क्षेत्र में गए थे। लौटते समय उन्हें वहां एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसके पास जाने पर अचानक विस्फोट हो गया।

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि यह वस्तु सेना का एक बम था। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

यह घटना स्थल आर्मी की फायरिंग रेंज के ठीक पीछे स्थित है। इस क्षेत्र में पहले भी कई बार ऐसे हादसे हो चुके हैं, जब लोग अनजाने में या कबाड़ समझकर विस्फोटक सामग्री को उठाने की कोशिश करते हैं। ऐसी घटनाओं में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है और कई स्थायी रूप से घायल हुए हैं।

विस्फोट के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि फायरिंग रेंज के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और ऐसी विस्फोटक सामग्री को समय रहते हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post