इंदौर के रईस इलाकों में शुमार रेसकोर्स रोड के एक बड़े बिल्डर को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। खुद को हैरी बॉक्सर बताने वाले शख्स ने बिल्डर से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। रकम नहीं देने पर आरोपी ने बिल्डर के बेटे की लोकेशन होने और उसे गोली मारने की धमकी दी है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश टी. के अनुसार, बिल्डर विवेक डी. के ऑफिस नंबर पर मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल ऑफिस की महिला स्टाफ ने रिसीव किया। कॉल करने वाले ने कहा— विवेक डी. को बोल देना 5 करोड़ दे दे, वरना बेटे को कहीं भी गोली मरवा दूंगा। साथ ही यह भी कहा कि पुलिस के पास जाने से कुछ नहीं होगा और पैसे लेकर ही पीछा छोड़ा जाएगा।

आरोपी ने दावा किया कि उसके पास बिल्डर और उनके बेटे की हर पल की लोकेशन है। पहले स्टाफ ने इसे मजाक समझा, लेकिन जब उसी नंबर से धमकी भरा वॉइस मैसेज आया तो पूरे ऑफिस में हड़कंप मच गया। इसके बाद स्टाफ ने तुरंत बिल्डर को जानकारी दी।

मामले की सूचना क्राइम ब्रांच को दी गई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। जिस हैरी बॉक्सर का नाम लिया गया है, उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी गुर्गा माना जाता है। पुलिस अब उस नंबर और वॉइस मैसेज के आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है।

इंदौर में यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े कारोबारी को इस तरह की धमकी मिली हो। करीब एक महीने पहले तुकोगंज के एक बिल्डर एस. जे. को भी ऐसी ही धमकी मिली थी। उस मामले में पुलिस ने अशोक नगर से मनीष नाम के एक युवक को पकड़ा था, लेकिन मुख्य सरगना तक अब तक पहुंच नहीं हो पाई थी।

मध्य प्रदेश में पिछले कुछ समय में लॉरेंस गैंग के नाम से फिरौती मांगने के 5 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। क्राइम ब्रांच का कहना है कि इन कॉल्स की गंभीरता से जांच की जा रही है और बिल्डर की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post