Banke Bihari Temple (वृंदावन) में दर्शन करने आने वाले वीआईपी के लिए नए नियम लागू किए जा रहे हैं। अब कोई भी वीआईपी अपने निजी सुरक्षाकर्मियों को मंदिर के अंदर नहीं ले जा सकेगा।
यह निर्णय उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में लिया गया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति जल्द ही इस संबंध में औपचारिक दिशा-निर्देश जारी करेगी।
हाल ही में एक विशिष्ट व्यक्ति के साथ आए निजी सुरक्षाकर्मी द्वारा जूते पहनकर मंदिर में प्रवेश करने और निर्देशों का पालन न करने से विवाद की स्थिति बनी थी। इस घटना का सेवायतों और भक्तों ने कड़ा विरोध किया था।
समिति ने स्पष्ट किया कि मंदिर में अनुशासन बनाए रखने के लिए निजी सुरक्षाकर्मियों की मनमानी पर रोक लगाई जाएगी और प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
गर्मी के मौसम में ठाकुरजी के लिए सजाए जाने वाले ‘फूल-बंगला’ की राशि में राहत दी गई है। अब 1.51 लाख रुपये के बजाय 1.01 लाख रुपये में यह सेवा कराई जा सकेगी।
बैठक में मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने, कॉरिडोर योजना को आगे बढ़ाने, संबंधित संपत्तियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया तेज करने, निधिवन की सेवा व्यवस्था सुधारने और सुरक्षा एजेंसी के ठेके को अगले वित्त वर्ष तक जारी रखने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
मिलावट पर सख्ती
मंदिर के आसपास बिकने वाले प्रसाद और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर समिति ने नाराजगी जताई और खाद्य सुरक्षा विभाग को लगातार छापेमारी के निर्देश दिए।
साथ ही, मंदिर परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को एचडी और एआई तकनीक से लैस करने का निर्णय भी लिया गया है।

Post a Comment