शहर के छत्रीपुरा इलाके में एक 18 वर्षीय युवती की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना सोमवार रात की है। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या मानकर चल रही है, हालांकि मोबाइल पर किससे बातचीत हो रही थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

मामला समाजवाद नगर क्षेत्र का है, जहां रहने वाली मेहक सोमवार रात छत से नीचे गिर गई। परिजनों के अनुसार, वह मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी और कुछ देर बाद नीचे आ गिरी। उसका मोबाइल छत पर ही मिला है।

घटना के बाद परिजन युवती को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल्स और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक युवती कॉस्मेटिक्स की दुकान पर काम करती थी। सोमवार रात करीब 9 बजे वह घर लौटी, बैग रखा और पिता का मोबाइल लेकर सीधे छत पर चली गई। बताया जा रहा है कि वहां किसी से बातचीत के दौरान उसकी बहस भी हुई थी।

युवती अपने पिता और छोटे भाई के साथ रहती थी। उसकी मां कई साल पहले परिवार छोड़ चुकी है। पिता फर्नीचर का काम करते हैं और ऑटो भी चलाते हैं, जबकि भाई भी ऑटो चलाता है। परिवार मूल रूप से दूसरे जिले का रहने वाला है और लंबे समय से शहर में रह रहा है।

परिवार के लोगों ने बताया कि आसपास के लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि युवती ऊपर से गिर गई है। गिरने के दौरान उसने मदद के लिए आवाज भी लगाई थी। संभवत: रेलिंग पर बैठकर बात करते समय संतुलन बिगड़ने से वह गिरी, जिससे मोबाइल छत पर ही रह गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post