इंदौर में करीब डेढ़ महीने पहले कर्नाटक की एक लेखिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। लेखिका का आरोप है कि उन्हें बच्चा चोर समझकर भीड़ ने हमला किया। घटना के बाद से वह लगातार पुलिस से न्याय की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

खजराना क्षेत्र में 15 फरवरी को हुई इस घटना में लेखिका परवीन के साथ मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि थाने में उनकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की गई और समझौता करने का दबाव बनाया गया। कर्नाटक लौटने के बाद से वह ऑनलाइन माध्यम से शिकायत कर रही हैं, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई।

लेखिका के अनुसार, घटना के दिन एक कॉलोनी क्षेत्र में लोगों ने उन्हें बच्चा चोर समझकर घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद जब उन्होंने पुलिस से संपर्क किया, तो आरोप है कि कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज नहीं होने देने के लिए दबाव बनाया। उनका यह भी कहना है कि उनसे लिखित माफीनामा लिया गया और मोबाइल से कुछ सामग्री हटवाई गई।

लेखिका ने बताया कि वह एक सामाजिक विषय पर पुस्तक लिखने के सिलसिले में इंदौर आई थीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित परिवार से संपर्क किया और मुलाकात भी की। बाद में शर्तों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

घटना के बाद लेखिका वापस कर्नाटक लौट गईं और वहीं से पुलिस से संपर्क कर रही हैं। उनका आरोप है कि अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post