अयोध्या में ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर लूट करने वाली युवती की पहचान पायल (25) के रूप में हुई है। उसने अपने दोस्त राहुल (27) के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
घटना के समय राहुल दुकान से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था। पायल ने नकली (खिलौना) पिस्टल दिखाकर दुकान से करीब 3.6 लाख रुपए के सोने के हार और चेन लूट लिए। इसके बाद वह भागकर राहुल के पास पहुंची और दोनों बाइक से फरार हो गए।
यह पूरी वारदात दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना रुदौली क्षेत्र के कोठी बाजार इलाके की है।
शुरुआती जांच में सामने आया कि राहुल ने पहले से ही बाजार से नकली पिस्टल और बुर्का खरीदा था, ताकि पहचान छिपाई जा सके। घटना के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक का नंबर कैमरे में कैद हो गया, जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
दोनों आरोपी अयोध्या से बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पायल बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप में पहुंची और सोने का हार व चेन दिखाने को कहा। दुकानदार ने सामान सामने रख दिया। इसके बाद उसने पानी और फिर मिठाई मंगाने का बहाना बनाया, जिससे दुकान का स्टाफ कुछ समय के लिए बाहर चला गया।
मौका मिलते ही पायल ने हार और चेन उठा लिए। दुकानदार ने रोकने की कोशिश की तो उसने नकली पिस्टल निकालकर धमकाया और वहां से भाग गई।
अन्य जानकारी:
- लूटी गई ज्वेलरी करीब 26 ग्राम (22 कैरेट) की थी
- बाजार कीमत लगभग 3.6 लाख रुपए बताई गई
- दोनों आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे
- वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी

Post a Comment