इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 25 वर्षीय महिला ने घर में जहर खा लिया, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के मुताबिक, द्वारकापुरी क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला ने गुरुवार को जहर खा लिया। इसके बाद पति उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि महिला को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था।
महिला के पिता, जो इंदौर जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र के निवासी हैं, ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही कम दहेज और अन्य मांगों को लेकर उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था।
परिवार के अनुसार, चार दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद पिता बेटी को समझाने इंदौर आए थे। उन्होंने ससुराल पक्ष को समझाइश दी थी, लेकिन गुरुवार को बेटी के जहर खाने की सूचना मिल गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला को जबरन जहर खिलाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
महिला की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। परिवार में पति, सास-ससुर और एक छोटा बच्चा शामिल है।

Post a Comment