इंदौर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पास से 12.82 ग्राम ब्राउन शुगर और दूसरे के पास से 6.55 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

क्राइम ब्रांच और एरोड्रम थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर केदार नगर इलाके में एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 12.82 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलीप (42) निवासी इंदौर बताया। जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, क्राइम ब्रांच और एमजी रोड थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में इलाके से एक युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 6.55 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। उसने अपना नाम मोहम्मद (21) निवासी इंदौर बताया। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।

इन दोनों मामलों में पुलिस ने कुल मिलाकर करीब 1 लाख 80 हजार रुपए का मादक पदार्थ जब्त किया है और इनके सोर्स व नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

इधर, राऊ थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—अंकित (30) और महिपाल उर्फ मोहित (30)—को गिरफ्तार किया। इनके पास से कुल 27 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 70 हजार रुपए है।

वहीं, राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने एक महिला को अवैध शराब के साथ पकड़ा। महिला के पास से करीब 37 हजार 100 रुपए कीमत की देशी शराब जब्त की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post