विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 में तकनीकी खराबी आने के बाद उसकी दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी करीब 160 यात्री सुरक्षित हैं।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट के रनवे 28 पर ‘फुल इमरजेंसी’ लागू की गई। SOP के तहत रनवे के आसपास दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस तैनात की गई थीं।
फायर विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:53 बजे इमरजेंसी कॉल प्राप्त हुआ, जिसके बाद टीम को अलर्ट पर रखा गया। इसके कुछ ही मिनट बाद, लगभग 10:59 बजे विमान ने सुरक्षित लैंडिंग कर ली।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान के दौरान लैंडिंग से पहले तकनीकी खराबी (टेक्निकल स्नैग) सामने आई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पायलट ने तुरंत लैंडिंग की अनुमति मांगी और विमान को सुरक्षित उतारा गया। फिलहाल विमान की जांच की जा रही है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बताई गई है।

Post a Comment