इंदौर के महू क्षेत्र के सिमरोल थाना इलाके में शनिवार सुबह एक कार में अचानक आग लगने से 4 साल के बच्चे की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब बच्चा अपने पिता के साथ बाहर गया हुआ था।
बच्चा चिराग अपने पिता संजय के साथ था, जो पेशे से मैकेनिक हैं। बताया जा रहा है कि वे इंदौर-खंडवा रोड पर एक स्थान के पास डीजे वाहन से संबंधित काम कर रहे थे। इसी दौरान जिस कार में बच्चा बैठा था, उसमें अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। पुलिस और दमकल टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।
सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Post a Comment