भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में 6 साल की मासूम के सिर पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धाराओं में इजाफा कर दिया है। पहले यह मामला साधारण मारपीट में दर्ज किया गया था, लेकिन अब इसमें हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी गई है।
पुलिस अधिकारी यू.पी.एस. चौहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। CCTV फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।
घायल बच्ची मिरल एक प्राइवेट स्कूल में किंडरगार्टन की छात्रा है। उसके पिता फैजान (उपनाम गोपनीय) एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं। घटना के समय बच्ची अपनी मां और भाई के साथ रिश्तेदार के घर गई हुई थी।
बताया गया कि देर रात परिवार दोपहिया वाहन से घर लौट रहा था। रास्ते में एक संकरी गली के पास पहले से 70-80 लोगों के बीच विवाद चल रहा था। भीड़ और हंगामे के कारण वाहन मोड़ने में देरी हुई, तभी अचानक मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से वार किया, जो बच्ची के सिर पर लगा। गंभीर हालत में उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के अनुसार, हमलावरों को वे नहीं जानते। बताया जा रहा है कि आरोपी बाहरी थे और किसी अन्य युवक को निशाना बनाने आए थे। घटना के दौरान 2-3 वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। सभी हमलावर लाठी-डंडे और तलवार जैसे हथियारों से लैस थे।
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को CCTV फुटेज सौंप दिए गए हैं और उनकी तलाश जारी है।

Post a Comment