एमजी रोड स्थित अपोलो टॉवर में काम करने वाली एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी ने रात में पार्किंग में उसे रोककर हाथ पकड़ लिया और जबरदस्ती बात करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे धमकी भी दी।
तुकोगंज पुलिस ने आरोपी यश एस. के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपोलो टॉवर की एक कॉस्मेटिक्स शॉप में काम करती है। उसकी पहचान एक सहेली के माध्यम से यश से हुई थी, लेकिन बाद में वह गलत तरीके से बात करने लगा।
रविवार रात करीब 9 बजे, काम खत्म कर जब वह घर जाने के लिए निकली, तो आरोपी ने पार्किंग में उसे रोक लिया। उसने उसका हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींचा और जबरदस्ती बात करने की कोशिश की।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि वह उसे पसंद करता है और उससे शादी करना चाहता है। उसने यह भी कहा कि अगर उसकी बात नहीं मानी, तो वह उसे नौकरी नहीं करने देगा।
किसी तरह युवती वहां से छूटकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।

Post a Comment