इंदौर में तीन दिन पहले एक बिल्डर व कारोबारी संजय J. को लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने के मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने आरोपी मनीष J. को अशोकनगर (गुना) जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। उसे इंदौर लाया जा रहा है।
सोमवार को क्राइम ब्रांच की 14 सदस्यीय टीम गुना पहुंची थी। मनीष J. पहले से ही एक आपराधिक मामले में जेल में बंद था। अब उसे इस धमकी केस में भी गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी मनीष J. ने अशोकनगर के व्यापारी अंकित A. और एक अन्य व्यक्ति को वॉइस नोट के जरिए धमकी दी थी और 10 करोड़ रुपये की मांग की थी। पुलिस के अनुसार, वह इलाके में दहशत फैलाने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
इंदौर के तुकोगंज इलाके में बिल्डर संजय J. को मिली धमकी के तार भी मनीष J. से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के लॉरेंस गैंग से जुड़े एक सदस्य हैरी B. से संपर्क के सबूत मिले हैं। दोनों के बीच लेनदेन के रिकॉर्ड भी सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब मनीष को पहले गिरफ्तार किया गया था, तब उसने बताया था कि उसे इंदौर में भी एक "काम" सौंपा गया है।
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश D. ने बताया कि आरोपी को इंदौर लाकर पूछताछ की जाएगी। शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि बिल्डर को टारगेट करने की साजिश थी।
मंगलवार शाम तक आरोपी को इंदौर लाया जाएगा। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे वापस अशोकनगर जेल भेजा जा सकता है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और गैंग से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक, कारोबारी को पहले एक कॉल आया जिसे उन्होंने तुरंत काट दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर वॉइस मैसेज भेजा गया, जिसमें आरोपी ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया और 15 करोड़ रुपये की मांग की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अशोकनगर में पेट्रोल बम के जरिए दहशत फैलाने की योजना भी बना रहा था।

Post a Comment