रणजीत हनुमान मेन रोड पर स्थित एक कपड़ा शोरूम में रविवार देर रात दो बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश यहां से करीब 1 लाख रुपए नकद और महंगे कपड़े चुराकर फरार हो गए। सोमवार सुबह शोरूम खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द्वारकापुरी थाना पुलिस ने मनीष B. की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मनीष,गुमास्ता नगर क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में रहते हैं और शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि रविवार रात शोरूम बंद कर घर गए थे।
देर रात दो बदमाश मौके पर पहुंचे, जिनमें से एक शटर उचकाकर अंदर घुसा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। अंदर घुसे बदमाश ने काफी देर तक सामान खंगाला और काउंटर के गल्ले से करीब 1 लाख रुपए नकद निकाल लिए। इसके अलावा शोरूम में रखे महंगे कपड़े भी चोरी कर लिए।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सोमवार सुबह जब मनीष शोरूम पहुंचे तो शटर के ताले टूटे मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत मालिक और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment