राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक को निवेश का झांसा देकर अपना शिकार बना लिया। ठगों ने टेलीग्राम ग्रुप के जरिए इंटरनेशनल मार्केट और एआई ट्रेडिंग बॉट में निवेश का लालच देकर युवक से लाखों रुपये ठग लिए। फर्जी प्रॉफिट स्क्रीनशॉट और नकली चैट्स के जरिए गिरोह ने पहले युवक का भरोसा जीता और फिर अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने अज्ञात टेलीग्राम ग्रुप एडमिन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी संजय ब. ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को उन्हें “इन्वेस्टमेंट” से जुड़े एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप के एडमिन ने चैट के जरिए संपर्क कर दावा किया कि यदि वे उनके साथ इंटरनेशनल मार्केट में ट्रेडिंग करेंगे तो उन्हें खुद कुछ करने की जरूरत नहीं होगी।
आरोपियों ने कहा कि उनका एआई ट्रेडिंग बॉट 100 प्रतिशत सटीकता से निवेश कर भारी मुनाफा दिलाता है। ग्रुप में कई सदस्य अपने मुनाफे के स्क्रीनशॉट भी साझा कर रहे थे। जब पीड़ित ने उन सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से चैट की, तो उन्होंने भी इस प्लेटफॉर्म को असली बताया, जो संभवतः गिरोह के ही फर्जी अकाउंट थे।
झांसे में आने के बाद आरोपियों ने पीड़ित का क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनवाया। इसके बाद क्रिप्टोकरेंसी खरीदने के बहाने आरोपियों ने अलग-अलग यूपीआई आईडी के माध्यम से करीब 2,10,200 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
कुछ समय बाद जब कोई मुनाफा नहीं मिला और ग्रुप एडमिन ने संपर्क बंद कर दिया, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से संबंधित यूपीआई आईडी और टेलीग्राम ग्रुप के डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

Post a Comment