महू के मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के अवलीपुरा इलाके के एक फार्म हाउस पर दबिश देकर बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। जिस फार्म हाउस पर जुआ चल रहा था, वह एक IAS अधिकारी वंदना V. और उनके पति अम्बरीश V. के नाम पर बताया जा रहा है। वंदना V. वर्तमान में इंदौर स्थित एक सरकारी वित्तीय संस्था में प्रबंध संचालक (MD) के पद पर पदस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार फिलहाल फार्म हाउस की देखरेख गांव का ही एक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि पांच आरोपी भागने में सफल हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन, 10 नई ताश की गड्डियां और दो कारें जब्त की हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवलीपुरा इलाके के एक फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
जब पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस ने फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर प्रवेश किया। वहां बरामदे में रोशनी के बीच कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते हुए मिले।
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मौके से 18 आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल हो गए। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है, जबकि कुछ आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। आरोपियों से नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार जुए का फड़ 1 मार्च को जमने वाला था, लेकिन किसी वजह से योजना टाल दी गई थी। बाद में तारीख बढ़ाकर 10 मार्च तय की गई। पकड़े गए जुआरियों का कहना है कि वे पहली बार यहां आए थे। बताया जा रहा है कि मुख्य सरगना जगदीश R. उर्फ कूबड़ा है, जो अलग-अलग जगहों पर जुए के अड्डे चलाता है।

Post a Comment