इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद और आर्थिक तनाव के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। घटना मंगलवार सुबह एक गली के घर में सामने आई।
शोर-शराबा और अनहोनी की आशंका होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान एकनाथ उम्र (43) के रूप में हुई है, जिसने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घर के दूसरे हिस्से में पत्नी रोहिणी उम्र (38) का शव भी संदिग्ध हालत में मिला। शुरुआती जांच में मामला आपसी कलह और उसके बाद उपजे आवेश का परिणाम माना जा रहा है। आशंका है कि एकनाथ ने सो रही पत्नी का मुंह दबाकर उसकी हत्या की।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद की असली वजह सामने आ सके।
मौके पर पत्नी के शव के पास टूटी हुई चूड़ियां भी मिली हैं, जिससे संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और बाद में फांसी लगा ली।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे जब दोनों बच्चे मोहित उम्र (17) और मयंक उम्र (13) जागे तो पिता ने उन्हें दूध लेने के लिए बाहर भेज दिया। करीब 20 मिनट बाद जब बच्चे घर लौटे तो उन्होंने पिता को फंदे से लटका देखा।
परिवार के लोगों के अनुसार एकनाथ पहले मैकेनिक का काम करता था, लेकिन काम कम होने के बाद वह कुछ समय से शेयर मार्केट में निवेश करने लगा था।
बताया जा रहा है कि दंपति लंबे समय से आर्थिक तंगी और कर्ज से जूझ रहा था। परिवार के अनुसार पहले उन्होंने अपना एक मकान करीब 9 लाख रुपये में बेचा था और बाद में दूसरा मकान भी करीब 6 लाख रुपये में बेच दिया था।
परिजनों का कहना है कि शेयर मार्केट में लगाया हुआ पैसा भी डूब जाने से आर्थिक परेशानी और बढ़ गई थी, जिससे वह काफी तनाव में था।
पुलिस के मुताबिक घर के नीचे मकान मालिक रहते हैं और रात में किसी के आने-जाने की जानकारी नहीं मिली। बच्चों के अनुसार रात में घर का माहौल सामान्य था और उनके सामने कोई विवाद नहीं हुआ था।

Post a Comment