नई दिल्ली।  दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के आरके पुरम इलाके में 17 वर्षीय लड़के को लेकर दो नाबालिग लड़कियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हमला, आगजनी और फायरिंग तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि एक लड़की नेहा ने दूसरी नाबालिग लड़की पर हमला करवा दिया, जिससे उसका गाल गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी लड़की के पक्ष ने गुस्से में नेहा का घर समझकर किसी अन्य घर में आगजनी और फायरिंग की घटना को अंजाम दे दिया।

स्थानीय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेहा, उसकी बहन अंजलि और दूसरी नाबालिग लड़की के पक्ष से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार, नेहा ने अपने 17 वर्षीय बॉयफ्रेंड को एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ एक पार्क में देख लिया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और मामला बढ़ता चला गया।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। नाबालिग लड़की पर हमले के मामले में नेहा और उसकी बहन अंजलि को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरी शिकायत के आधार पर लड़के के कुछ परिचितों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post