इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में एक व्यापारी का कर्मचारी एक लाख रुपये नकद और एक्टिवा वाहन लेकर फरार हो गया। लगातार संपर्क की कोशिशें नाकाम रहने के बाद व्यापारी ने सोमवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, अग्रवाल नगर निवासी व्यापारी आशीष ए. की शिकायत पर विवेक उर्फ कृष्णा एम. (निवासी – नीमा कॉलोनी क्षेत्र) के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया है। व्यापारी का छावनी क्षेत्र में अनाज का कारोबार है और आरोपी करीब डेढ़ साल से उसकी दुकान पर काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, व्यापारिक लेनदेन के सिलसिले में आशीष को एक अन्य व्यापारी अनूप ए. से एक लाख रुपये लेना थे। उनका कार्यालय वर्ल्डकप चौराहे के पास स्थित है। आशीष ने अपने कर्मचारी विवेक को रुपये लेने के लिए अपनी एक्टिवा देकर भेजा था।
कुछ देर बाद जब विवेक दुकान पर वापस नहीं लौटा तो आशीष को शक हुआ। इस पर उसने संबंधित व्यापारी से फोन पर संपर्क किया, जहां से रुपये दिए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आशीष ने विवेक के मोबाइल पर कई बार कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। बाद में आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया।
काफी प्रयासों के बावजूद संपर्क नहीं होने पर आशीष ने तिलक नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Post a Comment