इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में हुई कार चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आया कि इस साजिश में मुख्य आरोपी की सगी बहन भी शामिल थी। पुलिस को शक न हो, इसके लिए महिला आरोपी खुद फरियादी के साथ थाने पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी 2026 की रात फरियादी विशाल , निवासी छोटा बांगड़दा, ने अपनी कार एक होटल के पास खड़ी की थी। देर रात स्कूटी सवार दो बदमाशों ने कार का कांच तोड़कर अंदर रखी नकदी चुरा ली। शिकायत 27 फरवरी को दर्ज कराई गई, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू हुई।

थाना प्रभारी मनोज एस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो विशेष टीमें गठित कीं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन शहर के एक चौराहे के पास ट्रैक की गई। घेराबंदी कर 22 वर्षीय ध्रुव जी. (उपनाम गोपनीय) और 18 वर्षीय बबलू को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि कम समय में ज्यादा पैसा कमाने और महंगे शौक पूरे करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पूरी योजना में ध्रुव की बहन दिव्यांशी जी की सक्रिय भूमिका रही। वह पीड़ित के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने भी गई थी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹2 लाख 15 हजार नकद, करीब डेढ़ लाख रुपये का आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post