इंदौर के एक थाना क्षेत्र में रहने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता ने सोमवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका पति घर के बाहर था। जब वह लौटा तो पत्नी को फंदे पर लटका देखा और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। वह पति रितेश के साथ शहर के एक रिहायशी इलाके में रहती थी। मोनिका घर पर सिलाई का काम करती थी, जबकि उसका पति बाइक टैक्सी चलाने का काम करता है। पति के अनुसार, सोमवार को मोनिका ने सिलाई के लिए कपड़ा लाने को कहा था, लेकिन वह उसे कपड़ा दिलाने नहीं ले जा सका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, मोनिका और रितेश ने अप्रैल 2025 में घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। दोनों पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे। मोनिका के माता-पिता शहर के एक अन्य इलाके में रहते हैं।
मृतका के पिता हीरालाल (परिवर्तित नाम) ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 में उन्होंने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और कई बार पुलिस से बेटी को तलाशने की गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि बेटी शहर के दूसरे इलाके में रह रही है।
पिता का आरोप है कि मोनिका ससुराल में परेशान थी, जिसकी जानकारी उन्हें परिवार के एक सदस्य से मिलती रही। सोमवार को भी बेटी की मौत की सूचना उन्हें रिश्तेदार के माध्यम से मिली। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक शव को मर्चुरी में रखवाया जा चुका था।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

Post a Comment