नगर निगम आयुक्त क्षितिज  ने मंगलवार को जोन क्रमांक-13 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था और पानी की सप्लाई का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वे भोलाराम उस्ताद मार्ग, पिपलिया राव रिंग रोड, अंबिकापुरी क्षेत्र, गोकुलधाम कॉलोनी, विष्णुपुरी, पिपलिया पाला और रीजनल पार्क इलाके में पहुंचे और व्यवस्थाओं को देखा।

अंबिकापुरी इलाके में दूषित पानी की सप्लाई और सीवर ओवरफ्लो की शिकायतें मिल रही थीं। आयुक्त ने मौके पर पानी की सप्लाई और सीवेज लाइनों का निरीक्षण किया। यहां गंदगी पाए जाने पर संबंधित सीएसआई और एनजीओ प्रतिनिधि को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि यह स्थान किसी भी स्थिति में कचरा प्वाइंट न बने। सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर क्षेत्रीय दरोगा चेतन को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को कचरा फैलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद आयुक्त एक अन्य कॉलोनी क्षेत्र पहुंचे, जहां पानी की सप्लाई और गंदे पानी की समस्या के समाधान से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से चर्चा भी की। लोगों ने बताया कि पहले गंदा पानी आता था, लेकिन सुधार कार्यों के बाद अब साफ पानी मिल रहा है। इस दौरान आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि कचरा केवल डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही दें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं।

गोकुलधाम कॉलोनी में दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए किए गए कार्यों और नर्मदा जल सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। मौके पर ही पानी की सप्लाई में क्लोरीनेशन की जांच कराई गई, जिसमें पानी शुद्ध पाया गया। इसके बाद विष्णुपुरी एनएक्स क्षेत्र में भी दूषित पानी की समस्या के निराकरण के बाद दौरा कर स्थानीय लोगों से बातचीत की गई।

नगर निगम आयुक्त ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, सीएसआई और विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि उनके अधीनस्थ सभी कर्मचारी निर्धारित समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन तय समय पर क्षेत्र में नहीं निकलते हैं, तो संबंधित विभाग प्रमुखों और अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post