गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक भोजनालय में चाकू मारकर दो युवकों की हत्या के मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिलने पर रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि को इंदिरापुरम क्षेत्र में एक अंडरपास के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे नहर की ओर भागने लगे।
आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस ने बताया कि पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। बाद में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल आरोपियों की पहचान भोजनालय में काम करने वाले राजन और सचिन के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने दो ग्राहकों की हत्या और एक अन्य को घायल करने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से दो देसी पिस्तौल, तीन कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात एक भोजनालय में मामूली विवाद के बाद दो युवकों पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें उनकी मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय दोनों पक्ष नशे की हालत में बताए जा रहे हैं और खाना परोसने में देरी को लेकर विवाद हुआ था।
जांच में सामने आया है कि बहस के दौरान युवकों और भोजनालय के कर्मचारियों के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि इसके बाद पीछे की गली में भोजनालय संचालक और उसके कर्मचारियों ने लाठियों और रसोई के चाकुओं से हमला किया।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान श्रीपाल उम्र (25) और सत्यम उम्र (26) के रूप में हुई है। दोनों बाहर के जिले के निवासी थे और खोड़ा क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। इससे पहले इस मामले में भोजनालय संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

Post a Comment